बोड़ला। रामा गौशाला, बोड़ला में सहसपुर लोहारा के राजा खड़गराज सिंह का आगमन हुआ। इस दौरान उन्होंने सहसपुर लोहारा की राजमाता स्वर्गीय अनसुईया देवी की स्मृति में गौशाला परिसर में लगाए गए कदम के वृक्ष की पूजा-अर्चना कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
राजा खड़गराज सिंह ने गौशाला में मौजूद युवाओं से आत्मीय मुलाकात की और उनके द्वारा किए जा रहे गौसेवा एवं गौवंश संरक्षण के कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान युवाओं ने दुर्घटनाओं में घायल गौमाताओं की सेवा, उपचार और देखभाल से जुड़े कार्यों के बारे में उन्हें बताया।
युवाओं के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए राजा खड़गराज सिंह ने कहा कि सीमित संसाधनों में बिना किसी शासकीय सहायता के युवाओं द्वारा जिस समर्पण और संवेदना के साथ गौमाताओं की सेवा की जा रही है, वह बेहद सराहनीय और प्रेरणादायी है।
उन्होंने कहा, “आज नगर पंचायत बोड़ला जाने का अवसर मिला। वहां कुछ युवा साथियों ने सहसपुर लोहारा की राजमाता अनसुईया देवी जी के सम्मान में गौठान परिसर में एक वृक्ष लगाया है। आज उस वृक्ष की पूजा करने का सौभाग्य मुझे प्राप्त हुआ।”
राजा खड़गराज सिंह ने गौसेवा में जुटे युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके सेवा कार्यों की प्रशंसा की और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।वहीं, युवाओं ने भी राजा खड़गराज सिंह के गौशाला पहुंचने और राजमाता स्वर्गीय अनसुईया देवी की स्मृति में लगाए गए वृक्ष की पूजा-अर्चना करने पर आभार व्यक्त किया।

0 Comments